रायपुर। ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियों द्वारा नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे अनियंत्रित कारोबार और आम जनता के स्वास्थ्य पर मंडराते गंभीर खतरे के विरोध में कल, 20 मई को पूरे प्रदेश में दवा दुकानों की तालाबंदी रहेगी। इस प्रदेशव्यापी होलसेल और रिटेल दवा व्यापार बंद को व्यापारियों की शीर्ष संस्था चेंबर ऑफ कॉमर्स ने अपना पूर्ण और नैतिक समर्थन देने की घोषणा की है। डिस्ट्रिक ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कृपलानी एवं कंफेडरेशन ऑफ फॉर्म डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वासुदेव जोतवानी ने संयुक्त रूप से चेंबर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी सहित अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात कर इस संवेदनशील मुद्दे पर समर्थन मांगा था, जिसके बाद चेंबर ने व्यापारियों की एकजुटता का परिचय देते हुए इस आंदोलन में साथ खड़े होने का निर्णय लिया।
चेंबर के कार्यकारी अध्यक्ष राधा किशन सुंदरानी और राजेश वासवानी ने इस व्यवसाय पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में ऑनलाइन कंपनियों द्वारा दवाओं पर व्यापारिक नियमों के खिलाफ जाकर अत्यधिक छूट दी जा रही है। इससे भी ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से बाजार में नकली दवाएं धड़ल्ले से खपायी जा रही हैं। सरकार द्वारा प्रतिबंधित और अत्यधिक संवेदनशील दवाएं, जिन्हें सिर्फ डॉक्टर की लिखित पर्ची पर ही दिया जाना कानूनी रूप से अनिवार्य है, वे भी इन ऑनलाइन साइट्स पर बिना किसी कड़े सत्यापन के बेची जा रही हैं। चेंबर ने प्रशासन से इस अवैध प्रक्रिया को तुरंत रोकने के लिए कड़े निर्देश देने की अपील की है।
कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने कहा कि यह स्थिति न केवल पारंपरिक दवा व्यापारियों के रोजगार को गर्त में धकेल रही है, बल्कि युवाओं में नशे और प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग को बढ़ावा देकर सीधे तौर पर जनता के जीवन से खिलवाड़ कर रही है। इसी गंभीर विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए इस तालाबंदी का निर्णय लिया गया है। आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस बंद के दौरान केवल अस्पतालों के अंदर स्थित मेडिकल स्टोर ही खुले रहेंगे ताकि आपात स्थिति में मरीजों को भटकना न पड़े, जबकि शहर और राज्य के सभी बाहरी थोक व चिल्हर मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद रहेंगे। चेंबर ने आश्वस्त किया है कि समाज के स्वास्थ्य और व्यापारियों के अस्तित्व से जुड़ी इस आवाज को शासन-प्रशासन के समक्ष पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में अमरदास खट्टर, भारत पमनानी, पंकज जैन, लोकेश साहू और नितेश जैन सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।



