रायपुर। महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं के खातों में 22वीं किश्त जारी कर दी गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि राशि सीधे खातों में जमा हो सके, इसके लिए कई लाभार्थियों को केवाईसी (KYC) कराना आवश्यक है।
योजना में वर्तमान में 69,26,466 महिला हितग्राही पंजीकृत हैं, जिन्हें हर माह 1,000 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। खाद्य विभाग द्वारा कराई गई केवाईसी प्रक्रिया में यह सामने आया है कि कुछ महिलाएं अन्य योजनाओं का भी लाभ ले रही हैं, जिससे पात्रता की दोहराव की स्थिति बन रही है।इस जांच में 4,18,631 महिलाओं की पहचान की गई है, जिन्हें अब अनिवार्य रूप से केवाईसी करानी होगी। ये महिलाएं प्रदेश के 33 जिलों से संबंधित हैं।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित सभी महिलाएं अपने ग्राम पंचायत, वार्ड कार्यालय या निर्धारित सेवा केंद्रों में जाकर आसानी से केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं। समय पर केवाईसी नहीं होने पर अगली किश्तों में राशि मिलने में बाधा आ सकती है।



