रायपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी और तेज़तर्रार कार्रवाई करते हुए सिर्फ 24 घंटे में रिकॉर्ड 275 स्थायी और अभियुक्त गिरफ्तारी वारंट तामील कर दिए। आईजी और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में गठित करीब 100 पुलिस टीमों ने शहर और सरहदी जिलों में छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें हत्या, हत्या के प्रयास, बलात्कार, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों में वांछित अपराधियों को पकड़ा गया। इस ताबड़तोड़ अभियान ने अपराधियों में खलबली मचा दी है और कानून व्यवस्था पर पुलिस की मजबूत पकड़ एक बार फिर साफ दिखाई दी।
विशेष अभियान: 100 टीमों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
रायपुर के सभी थाना प्रभारियों, नगर पुलिस अधीक्षकों और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों की निगरानी में यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस बल को निर्देश दिया गया था कि अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित स्थायी वारंट और अभियुक्त गिरफ्तारी वारंट को हर हाल में तामील किया जाए।
हत्या–बलात्कार जैसे गंभीर मामलों के आरोपी गिरफ्तार
24 घंटे चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने हत्या, हत्या का प्रयास, बलात्कार, आर्म्स एक्ट, मारपीट और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों में वांछित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। कई आरोपी सालों से फरार थे और पुलिस की पकड़ से दूर थे। अभियान के दौरान पकड़े गए सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
सरहदी जिलों और अन्य राज्यों से भी दबोचे गए आरोपी
रायपुर पुलिस ने न केवल शहर बल्कि राज्य की सीमा से बाहर भी कार्रवाई की। कई वारंटियों को महाराष्ट्र, उड़ीसा और मध्यप्रदेश से पकड़कर लाया गया। यह कार्रवाई दिखाती है कि फरार आरोपी चाहे जहां भाग जाएं, पुलिस की निगाह से बच नहीं सकते। ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए हमें Facebook और Instagram पर फॉलो करें।

