भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IIT Madras) ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE 2027) के रजिस्ट्रेशन शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया है। नए संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, गेट ऑनलाइन एप्लीकेशन प्रोसेसिंग सिस्टम (GOAPS) पोर्टल अब 27 अगस्त 2026 से खुलेगा। पहले यह प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू होने वाली थी।
संशोधित तारीखों के मुताबिक, उम्मीदवार बिना विलंब शुल्क के 27 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद विलंब शुल्क के साथ विस्तारित आवेदन की अंतिम तिथि 5 अक्तूबर 2026 तय की गई है। परीक्षा फरवरी 2027 में तीन सप्ताह के दौरान (6-7 फरवरी, 13-14 फरवरी और 20-21 फरवरी) आयोजित की जाएगी, जिसके नतीजे 19 मार्च 2027 को घोषित होंगे।
इस बार भारतीय उम्मीदवारों के लिए डिजिलॉकर के जरिए रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य रहेगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले उम्मीदवारों को अपना वैध फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट फोटो, हस्ताक्षर, श्रेणी प्रमाण पत्र और शैक्षणिक दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है। गेट स्कोर का उपयोग प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में पीजी और डॉक्टरेट दाखिलों के साथ-साथ कई सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों (PSU) में भर्ती के लिए किया जाता है।


