रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय एवं निजी शिक्षा महाविद्यालयों में संचालित दो वर्षीय बीएड (B.Ed) और डीएलएड (D.El.Ed) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT) द्वारा बढ़ाई गई तिथि के अनुसार, अभ्यर्थियों के पास काउंसलिंग में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीयन और विकल्प फॉर्म भरने का आज (27 सितंबर) अंतिम मौका है।
1 अक्टूबर को जारी होगी पहली मेरिट सूची
एससीईआरटी के तय कार्यक्रम के अनुसार, दूसरे चरण के तहत अभ्यर्थियों द्वारा भरे गए विकल्पों के आधार पर पहली आवंटन सूची 1 अक्टूबर को जारी की जाएगी। सूची में चयनित अभ्यर्थियों को आवंटित कॉलेजों में 1 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश न लेने पर सीट स्वतः रिक्त मानी जाएगी।
साढ़े 5 हजार से अधिक सीटें खाली, छात्रों को बड़ा मौका
प्रथम चरण की काउंसलिंग संपन्न होने के बाद भी प्रदेशभर के शिक्षा महाविद्यालयों में बीएड और डीएलएड की लगभग साढ़े 5 हजार (5,500) सीटें खाली रह गई हैं। बड़ी संख्या में सीटें रिक्त होने के चलते एससीईआरटी ने पंजीयन की तारीख आगे बढ़ाई थी, ताकि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर मिल सके। शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, दूसरे चरण की इस काउंसलिंग में कई छात्रों को अपनी पसंदीदा कॉलेज मिलने की संभावना है।



