नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों—पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के लिए ऑनलाइन नामांकन और सिफारिशों की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों के लिए पोर्टल 15 मार्च 2026 से ही खोल दिया गया है और नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक नागरिक और संस्थाएं राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in) के माध्यम से अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन भेज सकते हैं।
वर्ष 1954 में स्थापित ये पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान, इंजीनियरिंग, और लोक कार्य जैसे विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रदान किए जाते हैं। सरकार का लक्ष्य इन पुरस्कारों को “पीपल्स पद्म” बनाना है, ताकि समाज के उन गुमनाम नायकों को सम्मानित किया जा सके जो निस्वार्थ भाव से देश सेवा में जुटे हैं। इस प्रक्रिया में जाति, व्यवसाय या लिंग का कोई भेदभाव नहीं रखा गया है, हालांकि डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोड़कर अन्य सरकारी कर्मचारी इन पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं हैं। नागरिक न केवल दूसरों की सिफारिश कर सकते हैं, बल्कि वे स्वयं को भी इन पुरस्कारों के लिए नामांकित करने का अधिकार रखते हैं।
नामांकन प्रक्रिया के तहत आवेदकों को पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में व्यक्ति की विशिष्ट उपलब्धियों का अधिकतम 800 शब्दों में एक विस्तृत विवरण (Citation) देना होगा। सरकार ने विशेष रूप से महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों, जनजातियों और दिव्यांग व्यक्तियों में से ऐसी प्रतिभाओं की पहचान करने का अनुरोध किया है जिनकी उत्कृष्टता अब तक दुनिया के सामने नहीं आ पाई है। विस्तृत जानकारी और नियमों के लिए गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट (https://mha.gov.in) या पद्म पुरस्कार पोर्टल (https://padmaawards.gov.in) का अवलोकन किया जा सकता है।


