रायपुर। छत्तीसगढ़ नर्सिंग एसोसिएशन के बैनर तले प्रदेशभर के नर्सिंग विद्यार्थी आज अपने भविष्य और अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेंगे। एसोसिएशन के आह्वान पर छात्र दोपहर 12 बजे राजधानी रायपुर के राजीव चौक में एकत्र होकर एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना देंगे।
इस प्रदर्शन के माध्यम से छात्र प्रशासन के समक्ष अपनी प्रमुख समस्याओं को रखेंगे, जिनमें समय पर परीक्षा परिणाम घोषित करना, लंबे समय से अटकी नर्सिंग रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को जल्द पूरा करना और शैक्षणिक सत्र को नियमित व समयबद्ध बनाना शामिल है। छात्रों का कहना है कि प्रशासनिक देरी और व्यवस्था की लापरवाही के कारण उनका शैक्षणिक सत्र पिछड़ रहा है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है।
राजीव चौक पर प्रदर्शन और सभा के बाद विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेगा। नर्सिंग छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही परीक्षा परिणामों और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को गति देकर व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



