नई दिल्ली
देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक को लेकर युवाओं के जारी आक्रोश के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात छात्रों और अभिभावकों के नाम एक विशेष वीडियो संदेश जारी किया। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि सरकार पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ अत्यंत कठोर कार्रवाई की तैयारी कर रही है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं जानता हूं कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। यह लाखों छात्रों और उनके माता-पिता के लिए बेहद दुखद है। पिछले ढाई महीनों में दोषियों को जेल भेजा गया है। हमारी प्राथमिकता यह थी कि छात्रों का साल खराब न हो और परीक्षाएं समय पर आयोजित कराई जाएं।’ प्रधानमंत्री ने बताया कि कम समय में करीब 22 लाख छात्रों की परीक्षाएं कराई गईं और 19 जुलाई को NEET का रिजल्ट भी घोषित किया गया।
1. Fast-Track Court और नए कड़े कानून की तैयारी
पेपर लीक से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए कानूनी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है:
-
कैबिनेट में प्रस्ताव: शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में फास्ट-ट्रैक कोर्ट के गठन और दोषियों के खिलाफ कठोर सजा के प्रावधानों वाले प्रस्ताव पर चर्चा कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
-
संसद में विधेयक: सोमवार से शुरू हो रहे संसद सत्र के दौरान सरकार इससे जुड़े नए विधेयक को जल्द से जल्द पारित कराने की कोशिश करेगी।
-
विशेष सीबीआई जज तैनात: दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय के आदेश पर राउज एवेन्यू कोर्ट कॉम्प्लेक्स में न्यायिक अधिकारी अनु ग्रोवर बालीगा को विशेष CBI जज के रूप में तैनात किया गया है, जो ‘सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024’ के मामलों की सुनवाई करेंगी।
2. शिक्षा मंत्रालय के शीर्ष प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल
विवाद के बीच केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में शीर्ष स्तर पर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं:
-
विनीत जोशी का तबादला: उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी का तबादला कर उन्हें पंचायती राज मंत्रालय में भेजा गया है।
-
नये सचिवों की नियुक्ति: नरेश कुमार गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि टीके अनिल कुमार को स्कूल शिक्षा सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
3. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी, आज सरकार से वार्ता संभव
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवा संगठनों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, NEET मामले की पारदर्शी जांच, पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई और CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में सुधार जैसी मांगें उठा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों और सरकार के उच्च अधिकारियों के बीच इस गतिरोध को खत्म करने के लिए अहम बातचीत होने की संभावना है।


