प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत देश के युवाओं को बड़ी सौगात दी। योजना के अंतर्गत पहली बार नौकरी पाने वाले लाखों युवाओं के बैंक खातों में करीब 2,400 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि यह लाभ उन युवाओं को दिया गया है जिन्होंने हाल ही में अपनी पहली नौकरी शुरू की है और नौकरी में लगभग छह महीने पूरे कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब तक करीब 20 लाख युवाओं ने अपनी नई नौकरियों में छह महीने पूरे किए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक युवाओं को योजना के तहत प्रोत्साहन राशि मिल चुकी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तक इस योजना के जरिए लगभग 70 लाख रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं। साथ ही पहली बार नौकरी करने वाले कर्मचारियों को सोशल सिक्योरिटी का सुरक्षा कवच भी उपलब्ध कराया गया है।
युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनके खातों में पहुंची यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनके परिश्रम का सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य पर देश के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से भविष्य की अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है और युवाओं को फ्यूचर-रेडी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना युवाओं के कौशल, सामर्थ्य और सपनों से होकर गुजरता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत जैसे युवा देश में जितने अधिक अवसर उपलब्ध होंगे, युवाओं को आगे बढ़ने के उतने ही बेहतर मौके मिलेंगे।


