रायपुर:
छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ‘मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना’ के तहत पात्र मेधावी विद्यार्थियों के ऑनलाइन पंजीयन और सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के निर्देशों के अनुसार, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की कक्षा 10वीं और 12वीं की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले छात्र राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन और पंजीयन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 (सायं 5:00 बजे तक) निर्धारित की गई है।
-
प्रक्रिया प्रारंभ होने की तिथि: 29 जुलाई 2026
-
आवेदन की अंतिम तिथि: 30 अगस्त 2026 (शाम 5 बजे तक)
-
पात्रता: कक्षा 10वीं की मेरिट सूची में शामिल अनुसूचित जाति (SC) व अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के चयनित विद्यार्थी तथा कक्षा 12वीं की मेरिट सूची में शामिल पात्र मेधावी छात्र।
-
पृथक लिंक की व्यवस्था: 12वीं के उत्तीर्ण विद्यार्थियों के कॉलेज प्रवेश को ध्यान में रखते हुए पोर्टल पर उनके लिए पृथक (अलग) लिंक उपलब्ध कराया गया है, जबकि 10वीं के विद्यार्थियों के लिए पंजीयन व सत्यापन की अलग व्यवस्था की गई है।
आवश्यक दस्तावेज एवं सत्यापन प्रक्रिया
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार: विद्यार्थियों को अपनी बोर्ड परीक्षा के रोल नंबर के माध्यम से पोर्टल पर पंजीयन करना होगा।आवेदन के साथ स्थायी जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज स्कैन करके पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।विद्यार्थियों द्वारा जमा किए गए आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन पहले संबंधित स्कूल द्वारा और तत्पश्चात जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय द्वारा किया जाएगा। इसके बाद ही स्वीकृत प्रकरण लोक शिक्षण संचालनालय को भेजे जाएंगे।
शत-प्रतिशत पंजीयन के कड़े निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO), प्राचार्यों और शाला प्रमुखों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे समय-सीमा के भीतर सभी पात्र मेधावी विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीयन और ऑनलाइन सत्यापन सुनिश्चित करें। साथ ही, योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई है ताकि राज्य का कोई भी प्रतिभावान छात्र प्रोत्साहन राशि से वंचित न रहे।



