जांजगीर-चांपा:
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कॉलेज स्तर) के भुगतान को लेकर आदिवासी विकास विभाग ने विद्यार्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय जांजगीर ने बताया कि कॉलेज स्तर के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति की राशि का सीधा भुगतान उनके आधार सीडेड बैंक खातों (Aadhaar Seeded Bank Account) में किया जा रहा है।
लेकिन जिन विद्यार्थियों का आधार सीडिंग इनएक्टिव (निष्क्रिय) है या बैंक खाता संख्या गलत/बंद होने के कारण भुगतान असफल हुआ है, उन्हें सुधार के लिए अंतिम अवसर दिया जा रहा है।
वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक के प्रभावित छात्रों के लिए निर्देश
विभाग के अनुसार वर्ष 2021-22 से लेकर 2025-26 तक के अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के ऐसे विद्यार्थी, जिनका छात्रवृत्ति भुगतान तकनीकी कारणों या त्रुटिपूर्ण बैंक विवरण के कारण रुक गया है, वे तुरंत अपनी छात्रवृत्ति आईडी (Scholarship ID) से लॉगिन करके आवश्यक सुधार करें:
-
एससी/एसटी वर्ग: अपने बैंक खाते में तुरंत आधार सीडिंग (Aadhaar Seeding / NPCI Mapping) सक्रिय कराएं।
-
ओबीसी वर्ग: अपने पोर्टल लॉगिन से सही और सक्रिय बैंक खाते की प्रविष्टि (Entry) करें।
7 दिनों की समयावधि और अंतिम चेतावनी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रभावित विद्यार्थी आगामी 07 दिनों के भीतर अपने पोर्टल लॉगिन के माध्यम से त्रुटि सुधार अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कर लें। निर्धारित समय-सीमा में सुधार न करने की स्थिति में यदि छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं हो पाता है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी स्वयं संबंधित विद्यार्थी की होगी।
तकनीकी समस्या होने पर यहाँ करें संपर्क
यदि विद्यार्थियों को ऑनलाइन त्रुटि सुधार या आधार सीडिंग में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वे अपनी अध्ययनरत संस्था (कॉलेज) के छात्रवृत्ति प्रभारी से तुरंत संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा छात्र कार्यालयीन समय में सीधे कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास जांजगीर (पुराना कलेक्टर परिसर, विवेकानंद मार्ग, जांजगीर – छात्रवृत्ति शाखा) में उपस्थित होकर भी अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।



