जशपुर: पिता के झगड़ालू रवैये से तंग आकर एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता के सिर पर सील-लोढ़ा (सिलबट्टा) पटककर उनकी हत्या कर दी। घटना तपकरा थाना क्षेत्र के चौकी ऊपर कछार स्थित ग्राम सिंगीबहार की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
घटना 6 अगस्त 2026 की है। मृतक कृष्णा सिंह का भतीजा योगादर सिंह जब सूचना पाकर अपने चाचा के घर पहुंचा, तो उसने देखा कि कृष्णा सिंह अपनी खटिया पर लहूलुहान और बेहोश पड़े थे। उनके नाक, मुंह और कान से खून बह रहा था।
गंभीर हालत में उन्हें तुरंत एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल केरसई ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें कुनकुरी रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही चोटों के कारण उनकी मौत हो चुकी थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता की आदतों से परेशान था बेटा
तपकरा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर 7 अगस्त को आरोपी बेटे सूरज सिंह (32 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सूरज ने बताया कि उसके पिता बेहद झगड़ालू स्वभाव के थे और आए दिन घर-बाहर बेवजह विवाद करते रहते थे। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिससे गुस्से में आकर उसने घर में रखे भारी सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
हत्या में प्रयुक्त सील-लोढ़ा जप्त, आरोपी जेल दाखिल
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आला-ए-कत्ल (सील-लोढ़ा) जप्त कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस त्वरित कार्रवाई में तपकरा थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कौशिक, चौकी प्रभारी ASI भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह एवं अमेश पैंकरा की सराहनीय भूमिका रही।

