स्टंटबाजी और यातायात नियमों की अनदेखी पर सख्ती, नाबालिग चालकों के परिजनों को बुलाकर दी चेतावनी; डीआईजी-एसएसपी के निर्देश पर चला विशेष अभियान
*संवाददाता उमेश कुमार प्रजापति* अंबिकापुर मैनपाट छत्तीसगढ़ के शिमला के नाम से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में बाइकर्स गैंग की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सामने आने के बाद सरगुजा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करते हुए और यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करते नजर आए थे। इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा प्रभावित होने के साथ उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने थाना कमलेश्वरपुर, थाना दरिमा, यातायात शाखा, थाना मणिपुर एवं थाना कोतवाली को संयुक्त अभियान चलाकर बाइकर्स समूह और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जहां आज दिनांक 10/6/2026 शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात शाखा ने 50, थाना कमलेश्वरपुर ने 55, थाना दरिमा ने 40, थाना कोतवाली ने 8 तथा थाना मणिपुर ने 5 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। इस तरह कुल 158 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान नाबालिग वाहन चालक भी पकड़े गए। ऐसे मामलों में पुलिस ने उनके परिजनों को मौके पर बुलाकर कड़ी समझाइश दी और भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी। वहीं अन्य नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी नियमानुसार चालान काटे गए।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि सरगुजा पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने, सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी करने, तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने तथा आम नागरिकों और पर्यटकों को परेशान करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ निरंतर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी दर्शनीय स्थल या अन्य सार्वजनिक स्थान पर बाइकर्स समूह द्वारा सड़क जाम करने, खतरनाक स्टंट करने या मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599 अथवा डायल 112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


