सक्ती: जिले के ग्राम पलाड़ी खुर्द स्थित एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास में अध्ययनरत एक आदिवासी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का गंभीर मामला सामने आया है। मृतक छात्र की पहचान ग्राम बासिन निवासी उमेश कंवर (कक्षा 9वीं) के रूप में हुई है। घटना के बाद छात्रावास प्रबंधन और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से 4 सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया है।
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस वक्त हुई, जब छात्रावास के अन्य छात्र दैनिक क्रियाकर्म के लिए बाथरूम की ओर गए थे। छात्रों ने उमेश कंवर को बाथरूम के भीतर फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। साथियों के शोर मचाने पर आनन-फानन में स्कूल प्रबंधन ने छात्र को फंदे से उतारकर सक्ती स्थित अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
घटना की खबर मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। कलेक्टर ने मामले की गहन और निष्पक्ष जांच के लिए सक्ती अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व/SDM) की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित की है। इस समिति में SDM सक्ती के साथ-साथ एसडीओपी (SDOP), खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) को शामिल किया गया है। कलेक्टर ने जांच समिति को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे पूरी घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर 7 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।


