जशपुर। चौकी सोन क्यारी क्षेत्रांतर्गत ग्राम सरडीह में इब नदी से मिले शव के मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोपी सुबोध बेक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब दिनांक 20 जनवरी 2026 को ग्राम सरडीह के पास इब नदी में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना चौकी सोन क्यारी को प्राप्त हुई। मृतक की पहचान रामचंद्र राम उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम सरडीह के रूप में हुई। मृतक की पत्नी गंजो बाई ने पुलिस को बताया कि 19 जनवरी को दोपहर लगभग 2 बजे उनके पति खाना खाकर इब नदी के घोघरा पुलिया जाने की बात कहकर घर से निकले थे लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। अगले दिन तलाश के दौरान इब नदी में उनका शव दिखाई दिया।
सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा शव का पंचनामा कर पोस्ट मार्टम कराया गया। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्यात्मक पाए जाने पर चौकी सोन क्यारी में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बी एन एस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
चूंकि आरोपी अज्ञात था इसलिए पुलिस ने मृतक के परिजनों गांव वालों और सहकर्मियों से लगातार पूछताछ की। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक ने अहम जानकारी देते हुए बताया कि 19 जनवरी की शाम वह मृतक रामचंद्र राम और आरोपी सुबोध बेक के साथ इब नदी के पास शराब पी रहा था। बाद में आवश्यक कार्य से वह वहां से चला गया और मृतक को आरोपी के साथ ही छोड़कर आया था। यह तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सरडीह से आरोपी सुबोध बेक उम्र 28 वर्ष को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन वैज्ञानिक ढंग से की गई पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में घर लौटते समय मृतक से उसका विवाद हो गया था। इसी दौरान पहले मृतक द्वारा लात मारने पर उसने गुस्से में आकर मृतक के सीने और सिर पर हाथ मुक्कों से वार किया जिससे मृतक वहीं गिर पड़ा और उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर पत्थर खदान लौट गया।
अपराध स्वीकारोक्ति और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरे मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बगीचा दिलीप कुमार कोसले थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष सिंह चौकी प्रभारी सोन क्यारी सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह प्रधान आरक्षक रामदेव राम विशाल गुप्ता विजय खूंटे आरक्षक विमल मिंज एवं मनोज एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अब स्कूल ढूंढने नहीं, स्कूल खुद आएंगे रायपुर: देश से विदेश तक की स्कूलिंग एक मंच पर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि सोन क्यारी क्षेत्र में नदी में मिले शव के मामले को सुलझाते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और जशपुर पुलिस भविष्य में भी ऐसे मामलों में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगी।

