सूरजपुर। रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस ने जिले भर में विशेष अभियान छेड़ दिया है। डीआईजी और एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के कड़े दिशा-निर्देशों के बाद जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने असामाजिक तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
अभियान के दौरान पुलिस ने अब तक कुल 316 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इसके साथ ही, जिले के 132 निगरानी, माफी और गुंडा बदमाशों की सघन चेकिंग कर उन्हें अपराध से दूर रहने और किसी भी प्रकार की अशांति न फैलाने की कड़ी हिदायत दी गई है। वहीं, अपराध घटित करने की आशंका और पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए 58 आदतन अपराधियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कठोर कदम उठाए गए हैं।
20 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक चले इस सघन अभियान में जिले की पूरी पुलिस टीम सक्रिय रही, जिसका मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखना है। सूरजपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में और भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


