छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शिक्षा विभाग ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। मैनपुर विकासखंड के देवझर (अमली) स्कूल में शराब पार्टी करने वाले दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) के दो शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वायरल वीडियो में दोनों शिक्षक स्कूल कार्यालय के भीतर ही शराब पीते और चखना खाते हुए नजर आ रहे थे, जबकि इस दौरान कई छात्र-छात्राएं बिना पढ़ाई के स्कूल परिसर में मौजूद थे।
वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ निलंबन का कड़ा आदेश जारी कर दिया है। इससे पहले विभाग की ओर से दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण भी मांगा गया था, जिसके बाद अब निलंबन की यह कार्रवाई की गई है।
जारी किए गए निलंबन आदेश के अनुसार, दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन की इस अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। फिलहाल इस पूरे मामले की विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।



