कुसमी: कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज दिनांक 16.07.2026 को जनपद पंचायत कुसमी के सभागार में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण बिंदुओं पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री मनीराम यादव, जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) श्री चंद्र भूषण प्रसाद गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) श्री मनोज गुप्ता सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री नंदकुमार गुप्ता खंड स्त्रोत समन्वयक श्री फ्लिक्स एक्का सहित जिले के सभी हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य तथा माध्यमिक शालाओं के समस्त प्रधान पाठक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: जनहित प्रमाणित हुए बिना RTI में नहीं दी जा सकती शासकीय कर्मचारियों की निजी जानकारी; सर्विस रिकॉर्ड और जाति-निवास प्रमाण पत्र व्यक्तिगत दायरे में
बैठक के दौरान कलेक्टर महोदया ने स्कूल शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की जो वर्तमान शैक्षणिक सत्र के लिए अत्यंत आवश्यक थे। बैठक में मुख्य रूप से निम्नलिखित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई :
शिक्षकों की उपस्थिति और समयपालन की समीक्षा: सभी विद्यालयों में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और समय पर शाला पहुंचने की कड़ी समीक्षा की गई। एवम निर्देश दिए कि VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) एप के माध्यम से सभी शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।
छात्रों की उपस्थिति और ड्रॉप-आउट पर नियंत्रण: शालाओं में विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति बढ़ाने के प्रयासों की समीक्षा की गई। जो विद्यार्थी लगातार अनुपस्थित हैं, उनके लिए शिक्षकों को नियमित फॉलोअप लेने को कहा गया। साथ ही शाला त्यागी (ड्रॉप आउट) बच्चों की पहचान कर उनका पुनः नामांकन कराने और शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से नवीन प्रवेशों की संख्या में वृद्धि करने की समीक्षा की गई।
शैक्षणिक गुणवत्ता और मूल्यांकन: सत्र के दौरान विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने, नियमित अध्यापन कार्य संचालित करने, समय सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करने तथा विद्यार्थियों के साप्ताहिक व मासिक मूल्यांकन को गंभीरता से आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
जाति प्रमाण पत्र का त्वरित निराकरण: छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र तैयार करने की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर महोदया ने सभी लंबित प्रकरणों को शीघ्रता से निराकृत करने के निर्देश प्राचार्यों को दिए।
शालाओं में मूलभूत सुविधाएं और छात्र सुरक्षा: सभी विद्यालयों में स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल और क्रियाशील शौचालयों की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा, विद्यालयों के संचालन की समयावधि और छुट्टी के वक्त छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पीएम पोषण योजना (मध्यान्ह भोजन): मध्यान्ह भोजन के सुचारू संचालन, निर्धारित मीनू के अनुरूप भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने की कड़ाई से जांच की गई। शत-प्रतिशत शालाओं में ‘न्योता भोजन’ की नियमित वृद्धि करने तथा स्कूलों में ‘किचन गार्डन’ विकसित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
पाठ्य पुस्तक एवं गणवेश वितरण: सत्र की शुरुआत में विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों एवं गणवेश (यूनिफॉर्म) के सुचारू व शत-प्रतिशत वितरण की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने बैठक के अंत में सभी अधिकारियों, प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को सजगता से कार्य करने की नसीहत दी और कहा कि शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाना हमारी पहली प्राथमिकता है।

