*सरगुजा संवाददाता उमेश कुमार प्रजापति* सरगुजा, 30 जुलाई।विद्युत मीटर रीडर श्रमिक संघ, छत्तीसगढ़ (ट्रेड पंजीयन क्रमांक 116677) ने स्मार्ट मीटर में लागू की जा रही ऑटो पंचिंग प्रणाली एवं प्रस्तावित प्रीपेड (रिचार्ज) व्यवस्था के कारण प्रदेश के लगभग 5000 विद्युत मीटर रीडरों के रोजगार पर मंडरा रहे संकट को लेकर जिला कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपते हुए राज्य शासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

संघ का कहना है कि राज्य में स्मार्ट मीटरों में ऑटो पंचिंग प्रणाली लागू होने के साथ-साथ भविष्य में प्रीपेड (रिचार्ज) प्रणाली लागू किए जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो मीटर रीडिंग एवं मैनुअल बिलिंग का कार्य पूरी तरह समाप्त हो जाएगा, जिससे हजारों मीटर रीडर और उनके परिवार सीधे तौर पर बेरोजगारी की मार झेलने को मजबूर होंगे।

संघ ने बताया कि सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत ऊर्जा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड से यह जानकारी मांगी गई थी कि प्रीपेड प्रणाली लागू होने के बाद वर्तमान मीटर रीडरों के पुनर्वास, वैकल्पिक रोजगार, सेवा निरंतरता या आय सुरक्षा के संबंध में शासन द्वारा कौन-सी नीति बनाई गई है।

संघ के अनुसार विभाग से प्राप्त उत्तर एवं प्रथम अपीलीय प्राधिकारी के आदेश में स्पष्ट रूप से बताया गया कि इस संबंध में विभाग के पास कोई नीति, आदेश अथवा दस्तावेज उपलब्ध नहीं है तथा “निरंक सूचना” प्रदान की गई है। इससे यह स्पष्ट होता है कि हजारों श्रमिकों के भविष्य को लेकर अब तक कोई ठोस योजना तैयार नहीं की गई है।

विद्युत मीटर रीडर श्रमिक संघ ने इसे अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक स्थिति बताते हुए कहा कि एक ओर नई तकनीक लागू की जा रही है, वहीं दूसरी ओर वर्षों से कार्यरत मीटर रीडरों के रोजगार संरक्षण के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बनाई गई है। संगठन ने इसे श्रमिकों के आजीविका के अधिकार से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कहा कि भारत के संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत सम्मानपूर्वक जीवन-यापन और आजीविका प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है।

संघ ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि इस गंभीर विषय पर तत्काल संबंधित विभागों की बैठक आयोजित कर राज्य शासन एवं ऊर्जा विभाग को आवश्यक अनुशंसा भेजी जाए, ताकि प्रदेश के लगभग 5000 मीटर रीडरों एवं उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संतोष यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार साहू, महासचिव गजानंद यादव, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलू राम नेताम, प्रदेश सलाहकार मनोज कौशिक, प्रदेश मीडिया प्रभारी भोलानाथ बघेल एवं प्रदेश सदस्य सुरेंद्र कुमार सहित संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार द्वारा समय रहते रोजगार सुरक्षा एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो प्रदेशभर के मीटर रीडर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version