रायपुर: राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के गौरवशाली 150वें वर्ष के अवसर पर 25 सितंबर 2026 को पूरे देश में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत एक अनूठा और भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी विश्व कीर्तिमान रचने की पूरी तैयारी कर ली गई है। ‘नमामि भारतम्’ नाम से आयोजित होने वाले इस महाअभियान के तहत रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में मुख्य कार्यक्रम संपन्न होगा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को जोड़कर एक साथ सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ का गायन करना और नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना है। राजधानी रायपुर के अलावा छत्तीसगढ़ के अन्य विद्यालयों, उनके गोद लिए गए पोषित गांवों और विभिन्न वार्डों में भी बड़े पैमाने पर सामूहिक गायन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में इस पूरे ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां सरस्वती शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन में की जा रही हैं, जिसके तहत स्कूलों में पहले से ही अभ्यास सत्र चलाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दिन यानी 25 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से प्रतिभागियों का आगमन और पंजीयन शुरू होगा। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन और अन्य कार्यक्रम होंगे। सुबह ठीक 11 बजे मुख्य सामूहिक वंदे मातरम् गायन का शुभारंभ होगा, जो 3 मिनट 13 सेकंड तक चलेगा। इस विश्व कीर्तिमान को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए 21 सितंबर को सुबह 11 बजे विशेष पूर्वाभ्यास भी कराया जा चुका है, और शिक्षण संस्थानों द्वारा लगातार तैयारियां की जा रही हैं ताकि इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा हर नागरिक बन सके।


