रियलिटी गेम शो ‘अलायंस’ में उस समय भावुक पल देखने को मिला, जब सोहेल खान की पूर्व पत्नी सीमा सजदेह ने अचानक एंट्री की। शो के होस्ट कुणाल खेमू ने सोहेल से पूछा कि सीमा को देखकर उन्हें कैसा महसूस हो रहा है। इस पर सोहेल ने बेहद ईमानदारी से जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने सीमा के साथ अपनी जिंदगी के 25 साल बिताए हैं और वह बेहद खूबसूरत और नेकदिल इंसान हैं।
सोहेल खान ने आगे कहा, “अगर हमारे रिश्ते में कभी कोई गलती हुई होगी, तो वह मेरी तरफ से हुई होगी।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी सादगी व ईमानदारी की तारीफ कर रहे हैं।
सोहेल और सीमा की पहली मुलाकात चंकी पांडे की सगाई की पार्टी में हुई थी। दोनों ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट किया और परिवार के विरोध के बावजूद 15 मार्च 1998 को पहले आर्य समाज मंदिर में शादी की, फिर निकाह किया। उनके दो बेटे निर्वाण और योहान हैं। हालांकि, शादी के करीब 24 साल बाद दोनों ने 2022 में अलग होने का फैसला किया।
फिलहाल, ‘अलायंस’ को कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं। यह शो Prime Video पर स्ट्रीम हो रहा है, जिसमें कई फिल्मी सितारे और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स हिस्सा ले रहे हैं।

