रायपुर। लंबे इंतज़ार के बाद राज्य के माध्यमिक विद्यालयों के व्याख्याताओं और प्रधान पाठकों को बड़ी खुशी मिली है। स्कूल शिक्षा विभाग ने ई-संवर्ग के 1,284 अधिकारियों को प्राचार्य, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पद पर पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए हैं।
गौरतलब है कि 30 अप्रैल को विभाग ने ई-संवर्ग के 1,478 व्याख्याताओं और प्रधान पाठकों को प्राचार्य पद पर पदोन्नत किया था, लेकिन न्यायालयीन रोक के चलते आदेश लागू नहीं हो सके थे। पांच नवंबर को हाईकोर्ट द्वारा शासन के पक्ष में फैसला आने के बाद पदस्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ। इसके बाद 21 से 24 नवंबर तक राज्य स्तरीय ऑनलाइन काउंसलिंग कराई गई और काउंसलिंग पूर्ण होते ही अवर सचिव आर.पी. वर्मा ने नियुक्ति आदेश जारी कर दिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पदोन्नत प्राचार्यों को सात दिवस के भीतर कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य है। प्रधान पाठक गणेश राम चौहान निलंबित — छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार का आरोप
छत्तीसगढ़ प्राचार्य पदोन्नति फोरम के पदाधिकारियों—अनिल शुक्ला, राकेश शर्मा और आर.के. झा—ने इस निर्णय को शिक्षा विभाग का ऐतिहासिक कदम बताया है। फोरम का कहना है कि पिछले 10 वर्षों से लंबित प्राचार्य पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने से पूरे प्रदेश के शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। फोरम ने टी-संवर्ग में 1,335 एवं ई-संवर्ग में 1,478, कुल 2,813 प्राचार्यों की पदोन्नति को बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री और विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

