जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढ़ा में सब्जी पकाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक भीषण रूप ले लिया, जहाँ पति ने अपनी गर्भवती पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया और दो वर्षीय बच्ची को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस जघन्य अपराध के लिए आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा निवासी ग्राम ढोढ़ीबहार, चौकी दोकड़ा, जिला जशपुर, के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
घटना का प्रारंभिक विवरण इस प्रकार सामने आया कि 06 फरवरी 2026 को प्रार्थी जेठू विश्वकर्मा, निवासी बेलसुंगा, ने थाना नारायणपुर में सूचना दी कि उसकी बेटी कमला विश्वकर्मा कुछ वर्षों से आरोपी स्वदेश राम कोरवा के साथ रह रही थी। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और आरोपी ने कमला को पत्नी की तरह रखा था। उनकी दो वर्षीय बच्ची है और मृतिका कमला छह माह की गर्भवती थी। लगभग जनवरी माह से मृतिका और आरोपी प्रार्थी के घर बेलसुंगा में रह रहे थे, जहाँ आरोपी रनपुर क्षेत्र में ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। एक सप्ताह पूर्व आरोपी अपनी पत्नी और बच्ची को लेकर ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढ़ा स्थित अपने नाना के घर चला गया था और वहीं ठहरा हुआ था।
घटना वाले दिन शाम लगभग साढ़े सात बजे पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने को लेकर वाद-विवाद शुरू हुआ। झगड़े के दौरान आरोपी ने आवेश में आकर पास रखे डंडे से अपनी पत्नी कमला के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हत्या के बाद आरोपी अपनी दो वर्षीय बच्ची को लेकर मौके से भाग गया।
UIDAI की बड़ी उपलब्धि: 5 महीने में 1 करोड़ स्कूली बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट पूरा
प्रार्थी की सूचना मिलते ही थाना नारायणपुर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंचकर शव पंचनामा किया और फॉरेंसिक अधिकारी से स्थल निरीक्षण कराया। मृतिका नवविवाहिता होने के कारण दंडाधिकारी बगीचा को भी पंचनामा प्रक्रिया में शामिल किया गया। डॉक्टर द्वारा की गई शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृतिका की मृत्यु मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण हुई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी स्वदेश राम कोरवा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 14/2026, धारा 103(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपी की लगातार खोजबीन की और उसे उसके गृह ग्राम ढोढ़ीबहार, चौकी दोकड़ा से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार किया। पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।
इस प्रकरण की जांच और गिरफ्तारी में सउनि उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज, प्रधान आरक्षक अजय कुजूर, आरक्षक कुलदीप खलखो, आरक्षक अशोक कंसारी, आरक्षक प्रदीप भगत, सैनिक बिरेंद्र भगत और सैनिक ओमप्रकाश यादव की भूमिका सराहनीय रही।
मोहब्बत का ‘देसी वर्जन’: जहाँ सादगी ही सबसे बड़ा श्रृंगार और सरई ही सबसे बड़ा उपहार है
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

