जशपुर: बाबा भगवान राम ट्रस्ट के वर्तमान अध्यक्ष पूज्यपाद गुरूपद संभव राम जी के पावन निर्देशन में संचालित जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के अंतर्गत ग्राम नारायणपुर (चिरवारी) में रविवार, 5 अप्रैल 2026 को एक भव्य निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सह अन्य रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जशपुर विकास खंड के अंतर्गत आने वाले शासकीय प्राथमिक शाला प्रांगण में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं वर्तमान अध्यक्ष पूज्यपाद गुरूपद संभव राम जी के चित्रों पर विधिवत पूजन-आरती के साथ हुआ, जो शाम 4:30 बजे तक निरंतर चला।

’चक्षु अभियान’ के तहत आयोजित इस शिविर में कुल 280 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। नेत्र रोगों से संबंधित 143 मरीजों की जाँच श्री टी. पी. कुशवाहा द्वारा की गई, जिसमें से 136 मरीजों को तत्काल उनकी आवश्यकता के अनुसार पावर वाले चश्मे और दवाइयाँ निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। परीक्षण के दौरान चिन्हित किए गए 12 मोतियाबिंद के मरीजों को विशेषज्ञ सलाह देते हुए जशपुर में ऑपरेशन कराने का सुझाव दिया गया। नेत्र उपचार के साथ-साथ वरिष्ठ सर्जन डॉ. आर.के. सिंह ने अन्य बीमारियों से पीड़ित 137 मरीजों की जाँच की और उन्हें उचित दवाइयाँ प्रदान कीं। शिविर के दौरान लोगों की सुविधा हेतु ब्लड शुगर और बीपी जाँच की व्यवस्था भी की गई थी।

इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सत्येन्द्र सिंह, ओम प्रकाश, पी.के. श्रीवास्तव, अखिलेश यादव और सुशील चौधरी के साथ श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा गुमला के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। जिसमें अजय प्रसाद, अजय सिन्हा, संजय महापात्र, आश्रम कुमार, बबलू जी, गौरी षांडगी, उदय गुप्ता, रूपा चौधरी, सुरेन्द्र सिंह, महेन्द्र गोप एवं मुन्ना जी ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर की समुचित व्यवस्था का उत्तरदायित्व कमल दूबे, प्रवीण सिन्हा, सत्यम सिंह नायक और विरेन्द्र सिन्हा सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने निष्ठापूर्वक निभाया। इस मानवीय पहल से ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों लोग लाभान्वित हुए।

