रायपुर,
छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने राज्य के विभिन्न शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में एमडी-एमएस (चिकित्सा स्नातकोत्तर) की 61 नई सीटों को स्वीकृति दी है। इस स्वीकृति के बाद राज्य में शासकीय मेडिकल पीजी सीटों की संख्या 316 से बढ़कर अब 377 हो गई है, जबकि निजी चिकित्सा महाविद्यालयों में 186 सीटें उपलब्ध हैं।
आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा विभाग श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी ने कहा कि इन नई सीटों की मंजूरी से राज्य के चिकित्सा शिक्षा ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या में वृद्धि होगी। इससे प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में बेहतर विशेषज्ञ सेवाएं जनता तक पहुंच पाएंगी।
नई स्वीकृत सीटों का वितरण इस प्रकार है —
- छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान, बिलासपुर: 21 सीटें
- भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, राजनांदगांव: 7 सीटें
- स्व. बलिराम कश्यप स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, जगदलपुर: 8 सीटें
- स्व. लखी राम अग्रवाल स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़: 12 सीटें
- स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा: 13 सीटें
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह कदम छत्तीसगढ़ की चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक है। नई पीजी सीटों की स्वीकृति से राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ होंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार सशक्त हो रही हैं, और यह निर्णय उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन नई सीटों से चिकित्सा शिक्षा को नई गति मिलेगी और शासकीय अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण उपचार सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और जनसुलभ सेवाओं की दिशा में सरकार के सतत प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगी।

