जशपुर। अघोरपीठ वामदेव नगर गम्हरिया आश्रम में 08 से 13 सितम्बर 2025 तक बाबा भगवान राम ट्रस्ट के तत्वावधान में छह दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में कुल 69 रोगियों को स्वास्थ्य लाभ मिला। सभी मरीजों का उपचार झारखंड से पधारे प्रसिद्ध वैद्य चन्द्रगुप्त साहू द्वारा किया गया।
शिविर का शुभारंभ 8 सितम्बर को अपराह्न 12ः30 बजे ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री कृष्ण कुमार (टप्पू जी) ने परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर किया।
इस शिविर में मुख्य रूप से लकवा, कमर दर्द, घुटनों के दर्द, साइटिका एवं अन्य जटिल दर्द से पीड़ित मरीजों का सफल उपचार किया गया। फिलहाल पूर्व पंजीकृत रोगियों को चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है कि अघोरेश्वर भगवान राम प्राकृतिक चिकित्सा परिसर का उद्घाटन हाल ही में 28 जुलाई 2025 को ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्य पाद गुरूपद संभव राम बाबा द्वारा किया गया था, जिसे जनसेवा के लिए समर्पित किया गया।
इस शिविर में 66 रोगियों को भी चिकित्सा सुविधा दी गई। ट्रस्ट की योजना है कि आगे प्रत्येक माह ऐसे चिकित्सा शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधा पहुँचाई जाए।