रायपुर, 14 सितम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर भर्ती की अनुमति प्रदान की है। वित्त विभाग से मिली स्वीकृति के बाद अब 625 सहायक प्राध्यापक, 25 क्रीड़ा अधिकारी और 50 ग्रंथपाल की नियुक्ति होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह निर्णय न केवल युवाओं के लिए रोजगार का नया अवसर है, बल्कि उच्च शिक्षा संस्थानों की गुणवत्ता को भी नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि सहायक प्राध्यापक पदों पर भर्ती से शिक्षण और शोध कार्यों में सुधार होगा, वहीं क्रीड़ा अधिकारियों की नियुक्ति से महाविद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। ग्रंथपालों की नियुक्ति से पुस्तकालयों का संचालन सशक्त होगा और विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री सुगमता से उपलब्ध हो सकेगी।
वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। इस भर्ती से एक ओर जहाँ युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर उच्च शिक्षा प्रणाली को मजबूती मिलेगी।
प्रदेश सरकार ने पिछले 21 माह में विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में नियुक्तियाँ की हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, स्वास्थ्य विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सक और चिकित्सा अधिकारी, आदिम जाति विकास विभाग में छात्रावास अधीक्षक सहित कई पदों पर भर्ती पहले ही की जा चुकी है। वहीं शिक्षकों के 5000 पदों सहित अन्य भर्तियाँ भी प्रक्रिया में हैं।
प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, तकनीक और प्रशासनिक सेवाओं में व्यापक अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ी को सशक्त बनाने और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करेगी।