रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 16 जून को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं चलने, अंधड़ आने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
विभाग के अनुसार हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 17 जून से प्रदेश के कुछ इलाकों में अति भारी वर्षा की संभावना है। इसके साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी मध्यम बारिश और तेज़ गर्जना का दौर बना रहेगा।
तापमान में गिरावट का दौर शुरू
तेज बारिश के साथ प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई गई है।