जशपुर नगर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला की अस्मिता से खिलवाड़ करने की कोशिश करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी 19 वर्षीय सिद्धार्थ नायक को पुलिस ने उसके घर से दबोचा। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की यामाहा बाइक (क्रमांक JH11AA2820) भी जब्त की गई।
घटना 30 जुलाई की रात की है। 34 वर्षीय महिला अपने भाई के साथ पालतू कुत्ते को खोजने घर से निकली थी। इसी दौरान काले रंग की यामाहा बाइक पर सवार युवक मिला। कुत्ते के बारे में पूछने पर उसने जानकारी देने का झांसा दिया। कुछ देर बाद वह युवक वापस लौटा और महिला को बताया कि कुत्ता दिखाई दिया है। महिला के भाई को सुनसान जगह छोड़ने के बाद आरोपी उसे बहाने से बाइक पर बैठाकर पनचक्की जंगल की ओर ले गया। रास्ते में उसने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर महिला से छेड़छाड़ शुरू की। डर के मारे महिला चलती बाइक से कूद गई और चीख-पुकार करने लगी। आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता को चोटें आईं और उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस में शिकायत दर्ज होने पर मामला गंभीरता से लिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। सायबर सेल और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान की। एक स्थानीय युवक से पूछताछ में पता चला कि घटना के दिन उसकी बाइक आरोपी ने ली थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। जशपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क और प्रतिबद्ध है।