जशपुर।
श्री सर्वेश्वरी समूह के 65वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार 13 सितम्बर को अघोरपीठ वामदेव नगर गम्हरिया आश्रम में सायं 7 बजे बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता आदरणीय श्री बी.एन. उपाध्याय ने की।
बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। प्रभात फेरी का आयोजन पूर्व वर्षों की भांति सुबह 5:30 बजे गम्हरिया आश्रम से प्रारंभ होगा। यह पैलेस रोड होते हुए सति चौरा पहुंचेगी, जहां ध्वाजोत्तोलन, पूजन और आरती के उपरांत प्रभात फेरी सोगड़ा आश्रम जाएगी। वहां भी पूजन-अर्चन, सफल योनि पाठ और प्रसाद वितरण होगा। इसके बाद नगर पालिका रोड से होते हुए प्रभात फेरी पुनः गम्हरिया आश्रम पहुंचेगी, जहां लघु गोष्ठी और प्रसाद वितरण होगा।
प्रभात फेरी हेतु दुपहिया व चारपहिया वाहन की व्यवस्था का दायित्व आदरणीय राजा रणविजय सिंह जूदेव, श्री कृष्ण कुमार राय, श्री नरेश नन्दे जी के नेतृत्व में युवराज यश प्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, विजय आदित्य सिंह जूदेव सहित कई गणमान्य सदस्यों को सौंपा गया।
बैठक में तय हुआ कि इस वर्ष भी ई-निमंत्रण पत्र के माध्यम से श्रद्धालुओं को आमंत्रण भेजा जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी श्री धन्नजय सिंह (मंटू) और श्री संतोष कुमार मिश्र को दी गई।
सति चौरा स्थल की साफ-सफाई, दीप प्रज्वलन और सजावट का कार्य श्री नितिन राय व सहयोगियों को सौंपा गया। प्रभात फेरी में वाहन सज्जा की जिम्मेदारी श्री नितिन राय, श्री अमरकांत वर्मा और श्री राजेश सिन्हा को दी गई।
समाजसेवा के अंतर्गत प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी नगर के मंदिरों, मस्जिदों और गिरिजाघरों में झाड़ू वितरण होगा। वहीं चिकित्सालयों में पौष्टिक आहार वितरण का कार्य डॉ. आर.के. सिंह एवं सहयोगियों के साथ महिला संगठन को सौंपा गया।
समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्यक्रम की जानकारी देने का दायित्व श्री नरेश नन्दे, श्री विकास पाण्डेय और अन्य सहयोगियों को सौंपा गया। इसके अतिरिक्त गम्हरिया आश्रम में आयोजित होने वाली लघु गोष्ठी की जिम्मेदारी श्री अनिल श्रीवास्तव, श्री प्रशांत सिंह, श्री विद्यासागर उपाध्याय एवं श्री संतोष मिश्र को दी गई।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री बी.एन. उपाध्याय ने सभी श्रद्धालुओं से अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की। अंत में श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया और “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ बैठक सम्पन्न हुई।