जशपुर
जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए कार्य कर रहे बाबा भगवान राम ट्रस्ट, जशपुर द्वारा अघोरपीठ, वामदेव नगर, गम्हरिया आश्रम में आगामी 23 अगस्त 2026, रविवार को निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में मिर्गी रोग से पीड़ित मरीजों को फकीरी एवं आयुर्वेदिक पद्धति से तैयार औषधियां उपलब्ध कर उपचार किया जाएगा। शिविर का आयोजन रविवार को सुबह से सूर्योदय से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि संस्था लगातार कई वर्षों से गरीब, जरूरतमंद और आदिवासी क्षेत्र के लोगों की सेवा में सक्रिय है। विशेष तिथियों एवं अवसरों पर मिर्गी रोग से संबंधित निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनमें जशपुर जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी मरीज पहुंचते हैं।
*दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचते हैं मरीज*
अघोरपीठ गम्हरिया आश्रम में आयोजित होने वाले इन शिविरों में मरीजों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सुविधा के साथ आश्रम द्वारा निर्मित फकीरी एवं आयुर्वेदिक औषधियों के माध्यम से उपचार की व्यवस्था की जाती है। ट्रस्ट के अनुसार, दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले कई मरीज नियमित रूप से शिविर में पहुंचकर उपचार प्राप्त कर रहे हैं। मरीजों एवं उनके परिजनों द्वारा उपचार से लाभ मिलने की बात भी बताई जाती है।
शिविर के आयोजन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाना और ऐसे मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है, जिन्हें इलाज के लिए दूर शहरों तक जाना कठिन होता है।
*शनिवार को पहुंचने की अपील*
आयोजकों ने बताया कि रविवार को सुबह 4 बजे से सूर्योदय तक ही दवा दिए जाने की व्यवस्था है। इसलिए मरीजों को 22 अगस्त, शनिवार को ही आश्रम पहुंचने की अपील की गई है। बाहर से आने वाले मरीजों के लिए ट्रस्ट की ओर से रात्रि विश्राम एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था भी की जाएगी।
मरीजों से अपने साथ एक सहयोगी को लाने के लिए कहा गया है। साथ ही आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह दवा गर्भवती महिलाओं के लिए नहीं है।
*जशपुर के साथ कई राज्यों से पहुंचने की सुविधा*
अघोरपीठ गम्हरिया आश्रम जशपुर पहुंचने के लिए आयोजकों ने विभिन्न मार्गों की जानकारी भी दी है। अंबिकापुर से जशपुर की दूरी करीब 140 किलोमीटर, बिलासपुर से करीब 356 किलोमीटर, रायपुर से करीब 480 किलोमीटर, रांची से करीब 150 किलोमीटर तथा झारसुगुड़ा से जशपुर की दूरी करीब 160 किलोमीटर बताई गई है।
*निःशुल्क शिविर से जरूरतमंदों को राहत*
ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र में लंबे समय से सेवा कार्य कर रहे बाबा भगवान राम ट्रस्ट की इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिल रही है। नियमित रूप से लगाए जाने वाले निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के कारण दूरस्थ इलाकों के मरीज भी आश्रम तक पहुंच रहे हैं। आगामी 23 अगस्त को होने वाले शिविर को लेकर भी आसपास के क्षेत्रों के लोगों में जानकारी पहुंचाई जा रही है।


