सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण और राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से की जा रही माँग के बाद अब अंबिकापुर से दिल्ली (हजरत निजामुद्दीन) के बीच चलने वाली रेल सेवा का विस्तार कर दिया गया है। आगामी अक्टूबर महीने से यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी, जिससे दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के ZRUCC मेंबर मुकेश तिवारी ने इस संबंध में आदेश की प्रति साझा करते हुए बताया कि अंबिकापुर से रेलवे सेवा के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस क्षेत्र में रेलवे के संघर्ष की नींव सरगुजा रेलवे संघर्ष समिति के आदरणीय देवेश्वर शरण सिंहदेव की अगुआई में रखी गई थी, जिसे आज कई प्रबुद्ध जनों के सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है। हालांकि, अभी कई और मांगे पूरी होना बाकी हैं।
जारी नए समय-सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन से अंबिकापुर अब रविवार और मंगलवार को यानी सप्ताह में दो दिन संचालित होगी, जो आगामी 04 अक्टूबर 2026 से प्रभावी हो जाएगी। वहीं, वापसी की दिशा में गाड़ी संख्या 22407 अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन अब मंगलवार और गुरुवार को यानी सप्ताह में दो दिन चलेगी, जो 06 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी।
यह रेल सेवा सरगुजा संभाग के विकास और लोगों की सुविधा के लिए एक लाइफलाइन की तरह है। यात्रियों की उम्मीदों का यह सफर यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि आगामी 09 अक्टूबर को रेल मंत्री के संभावित रायपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री के माध्यम से अंबिकापुर-रायपुर प्रातः कालीन इंटरसिटी ट्रेन शुरू करने की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।



