भारत के डेयरी सेक्टर में अमूल ने एक नया अध्याय लिखते हुए वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 1 लाख करोड़ रुपये के वार्षिक टर्नओवर का विशाल आँकड़ा पार कर लिया है। इस शानदार उपलब्धि पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अमूल से जुड़े लाखों किसानों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे सहकारिता की शक्ति का सबसे बड़ा प्रमाण बताया है। उन्होंने कहा कि अमूल की यह सफलता न केवल डेयरी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ते हमारे कदमों को नई ऊर्जा प्रदान करती है। यह सफलता दर्शाती है कि जब देश का छोटा किसान और पशुपालक एक मंच पर आता है तो वह वैश्विक अर्थव्यवस्था में भी अपना लोहा मनवा सकता है। आज अमूल का यह मॉडल दुनिया के लिए एक उदाहरण बन चुका है कि कैसे सहकारिता के माध्यम से सामूहिक समृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।

