अक्टूबर 2025 भारतीय ऑटो सेक्टर के लिए शानदार साबित हुआ है। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टोयोटा, हुंडई और किआ जैसी प्रमुख कंपनियों की बिक्री में दो अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है। त्योहारों के मौसम और बढ़ती मांग की वजह से ऑटो कंपनियों ने अब तक की सबसे ऊंची बिक्री का रिकॉर्ड बनाया है।
अक्टूबर 2025 में वाहन निर्माताओं की कुल बिक्री (यूनिट)
- मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड : 2,20,894 यूनिट
- महिंद्रा एंड महिंद्रा : 1,20,142 यूनिट
- हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड : 69,894 यूनिट
- टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स : 61,295 यूनिट
- टोयोटा किर्लोस्कर मोटर : 42,892 यूनिट
- किआ इंडिया: 29,556 यूनिट
- स्कोडा ऑटो इंडिया: 8,252 यूनिट
मारुति ने मारी सबसे बड़ी छलांग, घरेलू बिक्री ऑलटाइम हाई पर
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड की कुल बिक्री 7% बढ़कर 2,20,894 यूनिट पर पहुंच गई। कंपनी ने बताया कि घरेलू बिक्री 1,80,675 यूनिट के साथ ऑलटाइम हाई पर रही, जबकि पिछले साल अक्टूबर में यह 1,63,130 थी। घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री भी 1,76,318 यूनिट पहुंची। यह वृद्धि त्योहारी सीजन में ग्राहकों की बढ़ी खरीदारी और नए मॉडलों की लोकप्रियता को दर्शाती है।
महिंद्रा, टाटा और टोयोटा ने भी तोड़ा अपना रिकॉर्ड
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अक्टूबर में कुल 1,20,142 यूनिट की बिक्री दर्ज की, जो 26% की बढ़ोतरी है। कंपनी की SUV बिक्री 31% बढ़कर 71,624 यूनिट रही जो किसी भी महीने की सबसे ज्यादा SUV बिक्री है। वहीं, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री भी शानदार रही। कंपनी ने अक्टूबर में 61,295 गाड़ियां बेचीं, जिनमें से 47,000 से ज्यादा SUV थीं।
टाटा की इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री 73% बढ़कर 9,286 यूनिट पर पहुंच गई, जो कंपनी का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। दूसरी ओर, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM) की बिक्री 39% बढ़कर 42,892 यूनिट हो गई। इसमें 2,635 गाड़ियों का निर्यात भी शामिल है।
हुंडई, किआ और स्कोडा ने भी बनाई नई ऊंचाई
हुंडई मोटर इंडिया की कुल बिक्री अक्टूबर में 69,894 यूनिट रही, जिसमें 53,792 घरेलू बिक्री और 16,102 निर्यात शामिल हैं।
किआ इंडिया ने अब तक की सबसे बड़ी मासिक बिक्री दर्ज की 30% की बढ़ोतरी के साथ 29,556 यूनिट्स बिकीं। वहीं, स्कोडा ऑटो इंडिया ने भी नया रिकॉर्ड बनाया, अक्टूबर 2025 में 8,252 गाड़ियों की बिक्री के साथ कंपनी ने अपनी अब तक की सर्वाधिक मासिक बिक्री हासिल की।
त्योहारी सीजन और SUV सेगमेंट की बढ़ती मांग ने अक्टूबर 2025 में भारतीय ऑटो सेक्टर को नई उड़ान दी है। सभी प्रमुख कंपनियों ने बिक्री के नए रिकॉर्ड बनाए हैं, जिससे आने वाले महीनों में बाजार और भी मजबूत होने की उम्मीद है। ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए हमें Facebook और Instagram पर फॉलो करें।
