जशपुर
ठंड के मौसम में जरूरतमंद बच्चों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से बाबा भगवान राम ट्रस्ट द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। बाबा भगवान राम ट्रस्ट सोगड़ा जशपुर एवं श्री सर्वेश्वरी समूह महिला संगठन जशपुर के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड जशपुर के बालक प्राथमिक शाला आश्रम गिरला में अध्ययनरत बच्चों को गर्म कपड़ों का वितरण किया गया।
यह कार्यक्रम ट्रस्ट के वर्तमान अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा गुरूपद संभव राम जी के निर्देशन में देश के उज्जवल भविष्य बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु संचालित सामाजिक सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम 18 जनवरी 2026 रविवार को प्रातः 11 बजकर 30 मिनट पर बालक प्राथमिक शाला आश्रम गिरला के प्रांगण में संपन्न हुआ जिसमें आश्रम में निवासरत लगभग 41 बच्चों को ऊनी टोपी स्वेटर मोजे एवं बिस्किट आदि वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा भगवान राम ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के चित्र पर विधिवत पूजन अर्चन के साथ किया गया। सर्वप्रथम ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री कृष्ण कुमार टप्पू जी द्वारा बच्चों को ऊनी टोपी स्वेटर एवं मोजे वितरित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके पश्चात श्री सर्वेश्वरी समूह महिला संगठन जशपुर की सदस्याओं द्वारा बच्चों को गर्म कपड़ों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों शिक्षकों प्रधान पाठक एवं समूह के सदस्यों द्वारा राष्ट्रगान गाया गया तथा भारत माता की जय का उद्घोष किया गया जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति और सेवा भाव से ओतप्रोत हो गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री कमल दूबे द्वारा ट्रस्ट अध्यक्ष पूज्यपाद गुरूपद संभव राम जी के मार्गदर्शन में प्रारंभ किए गए इस सेवा कार्यक्रम के उद्देश्यों पर संक्षिप्त प्रकाश डाला गया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा स्वास्थ्य एवं नैतिक विकास को समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने अपने लक्ष्य को पहचानने और निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी गई। बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर श्री सर्वेश्वरी समूह महिला संगठन की वरिष्ठ सदस्याएं श्रीमती सरिता श्रीवास्तव श्रीमती सरिता अखौरी श्रीमती अर्पिता दूबे श्रीमती रंजिता सारंगी श्रीमती पूनम दूबे श्रीमती सीमा सिंह श्रीमती अंजू सिन्हा श्रीमती अनुपमा सिंह श्रीमती अनिमा मिश्रा श्रीमती अनामिका सिन्हा श्रीमती स्नेहा उपाध्याय श्रीमती नेहा पाण्डेय श्रीमती लक्ष्मीप्रिया सिंह श्रीमती निशा सिंह एवं सौम्या सुरभि सहित बाबा भगवान राम ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री कमल दूबे एवं श्री प्रवीण सिन्हा का सराहनीय सहयोग रहा। इसके अतिरिक्त प्राथमिक शाला आश्रम गिरला के प्रधान पाठक श्री गोवर्धन बड़ाईक सहायक शिक्षक दीपिका गुप्ता आश्रम अधीक्षिका सुमंती खाखा एवं सेवानिवृत्त शिक्षक श्री सेवाराम का विशेष योगदान रहा।

