देवघर:

विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले के भव्य और सुरक्षित आयोजन को लेकर देवघर जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन कराने और पूरे मेला क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक तरफ जहां बाबा मंदिर परिसर में बुनियादी ढांचे को बदला जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस महकमे ने भी सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है.

श्रावणी मेले की तैयारियों और जिले की कानून व्यवस्था को लेकर देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने शनिवार को आरक्षी अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक के बाद एसपी ने बताया कि मेले को लेकर पुलिस की तैयारियां पूरी तरह अप-टू-डेट हैं और आवश्यक सुरक्षा बलों व संसाधनों की मांग पुलिस मुख्यालय से कर ली गई है. इस बार श्रावणी मेले की सुरक्षा में 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरे मेला रूट पर 21 अस्थायी थाने और 13 यातायात आउटपोस्ट (ओपी) बनाए जा रहे हैं. एसपी ने खुद पूरे रूट का निरीक्षण कर समस्याओं को दूर करने और तैनात होने वाले जवानों के रहने व अन्य सुविधाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है.

मेले के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए बाबा मंदिर परिसर में भी इस बार ऐतिहासिक बदलाव किए जा रहे हैं. मंदिर में आने वाले भक्तों को कतारों के जाम से मुक्ति दिलाने के लिए सामान्य कतार और शीघ्र दर्शनम (VIP पास) की कतार के रास्तों को पूरी तरह अलग किया जा रहा है. अब तक की व्यवस्था में पुराने रास्ते से मंदिर के करीब आते-आते दोनों कतारें आपस में मिल जाती थीं, जिससे भारी जाम लग जाता था और पैसा खर्च कर सुलभ दर्शन की उम्मीद में आए श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ती थी. इस नई व्यवस्था का कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है. उपायुक्त ने मेला शुरू होने से 15 दिन पहले इस कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया है ताकि समय रहते इसका ट्रायल किया जा सके.

इसके साथ ही, मानसरोवर स्थित क्यू कॉम्प्लेक्स परिसर में एक भव्य और आधुनिक लॉकर रूम का निर्माण भी आखिरी चरण में है, जहां श्रद्धालु मंदिर प्रवेश से पहले अपने मोबाइल और कीमती सामान सुरक्षित रख सकेंगे. कतारों में किसी भी तरह की घुसपैठ रोकने के लिए परिसर के अंदर विशेष दीवारें बनाई गई हैं. सुरक्षा के लिहाज से इस पूरे परिसर के चारों ओर ऊंची दीवारें खड़ी की जा रही हैं और चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए आधुनिक सीसीटीवी कैमरों के साथ सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे. यहाँ तय 1000 लॉकरों में से 800 से अधिक लॉकर बनकर तैयार हो चुके हैं.

मेले की सुरक्षा के साथ-साथ शहर की आंतरिक सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर भी पुलिस सख्त रुख अपना रही है. अपराध समीक्षा बैठक में एसपी प्रवीण पुष्कर ने सभी एसडीपीओ, डीएसपी और थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन करने और अपराधियों पर नकेल कसने के निर्देश दिए. राज्य में नशाखोरी के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सभी थाना क्षेत्रों में छापेमारी के साथ-साथ आम जनता के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा. इसके अलावा, देवघर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन के साथ मिलकर लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है. एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि थाने में शिकायत लेकर आने वाले हर फरियादी के साथ बेहतर व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान कर उन्हें न्याय दिलाया जाए.

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version