रायपुर, 23 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ की 6वीं विधानसभा के आठवें सत्र का आज भव्य शुभारंभ हुआ। राज्यपाल रमेन डेका ने लोकतंत्र के नवनिर्मित मंदिर में अपना अभिभाषण पढ़ते हुए प्रदेश के भविष्य का रोडमैप साझा किया। विधानसभा परिसर पहुँचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि प्रदेश अब ‘अंजोर विजन डॉक्यूमेंट’ के माध्यम से वर्ष 2047 तक एक विकसित राज्य बनने की दिशा में अपनी नई यात्रा शुरू कर चुका है।
राज्यपाल ने अपने भाषण में कृषि और किसान कल्याण को सरकार की रीढ़ बताया।
उन्होंने जानकारी दी कि ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत किसानों को होली से पहले 10 हजार 292 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। खेती में आधुनिकता लाने के लिए भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के सहयोग से रायपुर में 6 करोड़ की लागत से ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना की जा रही है, जिससे खाद्यान्नों की शेल्फ लाइफ बढ़ाई जा सकेगी। इसके अतिरिक्त, दलहन और तिलहन के बीजों पर मिलने वाले अनुदान में भारी बढ़ोतरी करते हुए इसे 5 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक कर दिया गया है।पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी छत्तीसगढ़ लंबी छलांग लगा रहा है, जहाँ कांकेर जिला देश के सर्वश्रेष्ठ इनलैंड डिस्ट्रिक्ट के रूप में उभरा है।

