36 संगठन जिलों के अध्यक्षों को सौंपी जाएगी वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी और जलयुक्त कलश
रायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्वावधान में आयोजित प्रदेश स्तरीय ‘कलश वंदन अभियान’ की शुरुआत आज से होने जा रही है। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ सुबह 11 बजे राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा, जहाँ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इस राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री साय प्रदेश के सभी 36 भाजपा संगठन जिलों के अध्यक्षों को संत रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी से विशेष रूप से लाई गई पवित्र माटी और जलयुक्त कलश वितरित करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को राज्य के कोने-कोने तक पहुँचाना है।
रायपुर में कलश वितरण के पश्चात सभी जिला अध्यक्ष अपने-अपने जिलों में इन पवित्र कलशों को ले जाएंगे, जिसके बाद बूथ और मंडल स्तर पर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जन-जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू होगी। कार्यक्रम को लेकर पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों व पदाधिकारियों की बड़ी उपस्थिति रहने की संभावना है।



