रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद सांसद सुखदेव भगत आज अपने पहले दो दिवसीय दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर प्रदेश कांग्रेस संगठन में हलचल तेज हो गई है। अपने इस प्रवास के दौरान सुखदेव भगत संगठन की मजबूती, आगामी रणनीतियों और राजनीतिक मुद्दों को लेकर वरिष्ठ नेताओं, विधायकों व पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठकें करेंगे।
आज का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम: प्रेस कॉन्फ्रेंस और विधायक दल की बैठक
तय कार्यक्रम के अनुसार, नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत दोपहर 2:25 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे वे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (राजीव भवन) जाएंगे। शाम 5:30 बजे राजीव भवन में वे मीडिया से रूबरू होते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
शाम 6:30 बजे वे कांग्रेस पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य और संगठनात्मक रूपरेखा पर मंथन होगा। इसके उपरांत रात 8:00 बजे वे कांग्रेस विधायक दल के साथ बैठक करेंगे और विधायकों के साथ डिनर में शामिल होंगे।
28 सितंबर का शेड्यूल: मैराथन बैठकों के बाद मार्च में होंगे शामिल
दौरे के दूसरे दिन, सोमवार 28 सितंबर को भी सुखदेव भगत का शेड्यूल काफी व्यस्त रहेगा। सुबह 10:00 बजे वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के सदस्यों की विस्तृत बैठक लेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे कनेक्ट सेंटर की बैठक आयोजित होगी। दोपहर 2:00 बजे वे कांग्रेस के प्रस्तावित मार्च कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
दोपहर बाद शाम 4:00 बजे कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों (युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस आदि) के प्रमुखों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। वहीं शाम 5:00 बजे कांग्रेस अनुशासन कमेटी की बैठक लेंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के सभी कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद रात 7:00 बजे वे रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

