रायपुर।
छत्तीसगढ़ का राज्योत्सव इस बार और भी भव्य व ऐतिहासिक होने जा रहा है। राज्य गठन दिवस के उपलक्ष्य में हर वर्ष आयोजित होने वाला यह उत्सव अबकी बार तीन की बजाय पांच दिनों तक मनाया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी कि राज्योत्सव का आयोजन 1 नवंबर से 5 नवंबर 2025 तक रायपुर के नंदनवन मैदान में किया जाएगा। इस बार राज्योत्सव का शुभारंभ स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जबकि समापन समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, लोककला, हस्तशिल्प, कृषि, वन उत्पाद, पर्यटन और नवाचार से जुड़ी प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों से कलाकार, शिल्पकार और स्वयं सहायता समूहों को आमंत्रित किया गया है, जिससे छत्तीसगढ़ की विविधता और समृद्ध विरासत का भव्य प्रदर्शन हो सके।
उन्होंने कहा कि यह राज्योत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान, गौरव और विकास यात्रा का प्रतीक है। सरकार की मंशा है कि राज्योत्सव के माध्यम से प्रदेश की प्रतिभाओं और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिले।
सूत्रों के अनुसार, राज्योत्सव स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विशेष तैयारी की जा रही है। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक प्रोटोकॉल की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

