रायपुर // 7 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ की माटी ने एक बार फिर देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कोरबा जिले की सुश्री लखनी साहू, ई. विश्वेश्वरैया इंजीनियरिंग कॉलेज की एनएसएस स्वयंसेविका, को उनके उत्कृष्ट समाजसेवी योगदान के लिए “MY Bharat NSS राष्ट्रीय पुरस्कार (2022-23)” से सम्मानित किया गया है।
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान प्रदान किया। यह उपलब्धि न केवल लखनी साहू की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण बन गई है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर लखनी साहू को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा —“लखनी साहू ने समाजसेवा के क्षेत्र में जो मिसाल पेश की है, वह प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने साबित किया है कि जब युवा संकल्प लेकर आगे बढ़ते हैं, तो परिवर्तन अवश्य संभव है।”
मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि वे समाज निर्माण और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
लखनी साहू की यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है और यह संदेश देती है कि सेवा, समर्पण और कर्मनिष्ठा से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

