भारत में चीन के नए सैन्य राजनयिक यू जियान ने भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने 2025 में 12 चीनी नागरिकों की जान बचाई थी और चीन इस एहसान को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने यह बयान नई दिल्ली में आयोजित चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की 99वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम के दौरान दिया।
यू जियान ने कहा कि केरल तट के पास आग की चपेट में आए मालवाहक जहाज पर फंसे चीनी नागरिकों को भारतीय बचाव दल ने सुरक्षित निकाला था। उन्होंने इस मानवीय मदद के लिए भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल का सार्वजनिक रूप से धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के नेताओं के प्रयासों से भारत-चीन संबंध लगातार बेहतर होंगे।
दरअसल, 9 जून 2025 को सिंगापुर के झंडे वाला कंटेनर जहाज एमवी वान हाई 503 कोलंबो से मुंबई जाते समय केरल के अझिक्कल तट के पास एक कंटेनर में विस्फोट के बाद आग की चपेट में आ गया था। जहाज पर कुल 22 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें चीन और ताइवान के नागरिक भी शामिल थे।
भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने संयुक्त अभियान चलाकर 18 लोगों को सुरक्षित बचाया, जबकि चार लोग लापता हो गए थे और बाद में उन्हें मृत मान लिया गया। बचाव अभियान के बाद भारतीय एजेंसियों ने कई दिनों तक जहाज में लगी आग पर काबू पाने और उसे तट से दूर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभियान भी जारी रखा। इस अभियान की उस समय चीन के दूतावास और सिंगापुर के उच्चायुक्त ने भी खुलकर सराहना की थी।


