छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निजी स्कूलों द्वारा की जा रही मनमानी को लेकर स्पष्ट चेतावनी जारी की है। मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में दो-टूक शब्दों में कहा कि प्रदेश में स्कूलों की ऐसी किसी भी तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे बिल्कुल निश्चिंत रहें, सरकार उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर है और शिक्षा के नाम पर किसी भी तरह का आर्थिक शोषण स्वीकार्य नहीं है।
मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी स्कूल के खिलाफ नियमों के उल्लंघन की शिकायत प्राप्त होती है, तो उस संस्थान के खिलाफ प्रशासन द्वारा कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सीएम साय ने साफ किया कि अभिभावकों पर अनावश्यक फीस, यूनिफॉर्म या किताबों को लेकर किसी भी प्रकार का आर्थिक दबाव डालना गलत है। राज्य सरकार पूरी शिक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए हुए है ताकि स्कूलों और अभिभावकों के बीच पारदर्शिता और संतुलन बना रहे। उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुधारना और गरीब व मध्यम वर्ग के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है।

