रायपुर: छत्तीसगढ़ के सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए इस बार का शैक्षणिक सत्र बेहद खास होने जा रहा है। राज्य सरकार ने इस वर्ष व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए विद्यार्थियों को प्रवेश उत्सव के समय ही दो-दो सेट गणवेश (यूनिफॉर्म) एक साथ उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। अब तक की व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को सत्र की शुरुआत में केवल एक सेट यूनिफॉर्म दी जाती थी, जबकि दूसरा सेट अक्टूबर-नवंबर के महीने में बांटा जाता था। इस नई व्यवस्था से बच्चों को सत्र के पहले ही दिन से दो नई यूनिफॉर्म मिल सकेंगी।
कत्थे रंग की पैंट और नीले रंग की चेक शर्ट में नजर आएंगे बच्चे
यह गणवेश कक्षा पहली से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को प्रदान किया जाता है। इस नए शैक्षणिक सत्र से स्कूली बच्चों का लुक भी पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। बच्चे अब पुरानी सफेद शर्ट और नीली पैंट की जगह, कत्थे रंग की पैंट और नीले रंग की चेक शर्ट में स्कूल जाते दिखेंगे। इस बार गणवेश निर्माण और आपूर्ति का जिम्मा छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ मर्यादित को सौंपा गया है। इसके जरिए प्रदेश के 2,001 महिला स्व-सहायता समूहों को रोजगार से जोड़कर युद्धस्तर पर यूनिफॉर्म तैयार कराई जा रही हैं।
जशपुर का ‘ऑक्सीजोन’: वह धरती जहाँ कुदरत खुद ‘वेंटिलेटर’ है और हवा में घुलती ‘संजीवनी’ फेफड़ों को देती है ‘नया जीवन’!
आदिवासी और दूरस्थ संभागों में शत-प्रतिशत आपूर्ति पूरी
हाथकरघा संघ के अनुसार, राज्य के दूरस्थ और आदिवासी बहुल क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभागों में यूनिफॉर्म के दोनों सेट की शत-प्रतिशत आपूर्ति पहले ही पूरी की जा चुकी है। बस्तर संभाग में शिक्षा विभाग और समग्र शिक्षा मिशन द्वारा मांगी गई सभी 8 लाख 16 हजार 692 गणवेश पहुंचा दी गई हैं। इसी तरह सरगुजा संभाग में भी मांग के अनुरूप सभी 8 लाख 4 हजार 130 गणवेश उपलब्ध करा दिए गए हैं। बिलासपुर संभाग में कुल मांग 6 लाख 52 हजार 876 गणवेश की थी, जिसकी शत-प्रतिशत आपूर्ति हो चुकी है।
मैदानी संभागों की बात करें तो दुर्ग और रायपुर संभाग में वितरण और आपूर्ति का काम तेजी से जारी है। दुर्ग संभाग में कुल 10 लाख 17 हजार 697 गणवेश की मांग है, जिसमें से 1 लाख 45 हजार 694 की आपूर्ति हो चुकी है और शेष 8 लाख 72 हजार तीन गणवेश तैयार कर भेजे जा रहे हैं। दूसरी ओर, रायपुर संभाग में कुल 10 लाख 21 हजार 760 गणवेश की मांग है, जहाँ वितरण का कार्य हाल ही में शुरू कर दिया गया है।
विश्व पर्यावरण दिवस विशेष: फैजान अशरफ़ तरक्की या कुदरत का कत्ल? खनिज, जंगल कटाई और फैक्ट्रियों के बीच सिसकता छत्तीसगढ़, ईब से इंद्रावती तक प्राकृतिक पूंजी को लगे गहरे घाव, अब संतुलन की राह की तलाश
10 जून तक सभी जिलों में आपूर्ति पूरी करने का दावा
प्रदेश स्तर पर इस बार कुल 50 लाख 93 हजार 769 गणवेश की मांग प्राप्त हुई है। इसके विरुद्ध अब तक 28 लाख 9 हजार 699 गणवेश जिलों में भेजे जा चुके हैं, जबकि 22 लाख 84 हजार 70 गणवेश की आपूर्ति अभी शेष है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि उत्पादन और परिवहन का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। विभाग ने दावा किया है कि 10 जून तक प्रदेश के सभी जिलों के स्कूलों में यूनिफॉर्म के दोनों सेट सुरक्षित पहुंचा दिए जाएंगे, ताकि प्रवेशोत्सव के दौरान विद्यार्थियों को समय पर इसका सीधा लाभ मिल सके।



