*सरगुजा संवाददाता उमेश कुमार प्रजापति* सीतापुर सरगुजा राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार क्रेटा कार की चपेट में आने से एक पैदल युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दिए बिना ही शव को दुर्घटनाग्रस्त कार में रखकर सीतापुर ले गई, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।

*शौच के बाद घर लौट रहा था मृतक*

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5:30 बजे मंगारी कोलतापारा निवासी अर्जुन बखला (45 वर्ष), पिता पैगा बखला शौच के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-43 किनारे पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जुनापारा के पास तेज रफ्तार से अंबिकापुर की ओर जा रही क्रेटा कार (क्रमांक CG 15 EC 5927) ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन करीब 15 मीटर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

*भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने धर दबोचा*

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि कार चालक की पहचान देवगढ़ (सीतापुर) निवासी टी.के. सिंह (48 वर्ष), पिता बिरछा सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी ही कार से मांगुर मछली लेकर तेज रफ्तार में अंबिकापुर की ओर जा रहा था।

*पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल*

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद मौके पर पहुंची सीतापुर डायल-112 टीम ने मृतक के परिजनों को सूचना दिए बिना ही शव को दुर्घटनाग्रस्त कार में रखकर सीतापुर रवाना कर दिया। इस कार्रवाई से परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। लोगों का कहना है कि पुलिस को पहले परिजनों को सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए थी।

*15 दिनों में दूसरी जानलेवा दर्दनाक दुर्घटना*

ग्रामीणों ने बताया कि मंगारी क्षेत्र में पिछले 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है। इससे पहले 3 जुलाई 2026 को माझापारा पुलिया के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले लक्ष्मीनारायण (48 वर्ष), पिता अनुकसाय को अज्ञात चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मीनारायण का रायपुर में 14 दिनों तक इलाज चला, लेकिन 17 जुलाई को उन्होंने दम तोड़ दिया। लक्ष्मीनारायण भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं कंवर समाज के प्रतिष्ठित अनुकसाय के पुत्र थे।

*NH-43 पर सीसीटीवी लगाने की मांग हुई तेज*

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से चिंतित ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से सीतापुर से अंबिकापुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे दुर्घटना कर भागने वाले वाहनों की पहचान आसानी से हो सकेगी और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई के साथ पीड़ित परिवारों को न्याय एवं सहायता मिल सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version