रायपुर | 22 जनवरी, 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने 5000 शिक्षकों के रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
फरवरी तक जारी होगा विज्ञापन, व्यापमं लेगा परीक्षा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों की कमी को दूर करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि: भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ व्यापमं (VYAPAM) के माध्यम से आयोजित की जाए। भर्ती के लिए फरवरी 2026 तक विज्ञापन अनिवार्य रूप से जारी कर दिया जाए। नियुक्ति की पूरी प्रक्रिया को एक निश्चित समय-सीमा (Time-bound) के भीतर संपन्न किया जाए।
शिक्षक भर्ती-2023 की वेटिंग लिस्ट पर बड़ा फैसला
बैठक में पुरानी भर्तियों की भी समीक्षा की गई। सरकार ने निर्णय लिया है कि शिक्षक भर्ती परीक्षा-2023 की प्रतीक्षा सूची (Waiting List) की वैधता अब और नहीं बढ़ाई जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ने कहा कि “पिछले वर्षों में उत्तीर्ण युवाओं और नए अभ्यर्थियों को शासकीय सेवा में आने का समान अवसर मिले, इसलिए प्रतीक्षा सूची की मान्यता नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।” –
शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं होगा। स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार हर संभव कदम उठा रही है। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों डी.एड. और बी.एड. प्रशिक्षित युवाओं में उत्साह की लहर है।

