रायपुर: छत्तीसगढ़ के शासकीय स्कूलों में कार्यरत अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। डेढ़ दशक से कार्यरत 43 हजार 301 अंशकालीन सफाई कर्मचारियों को पूर्णकालिक करने और कलेक्टर दर पर सम्मानजनक मानदेय देने की मांग को लेकर कर्मचारी संघ ने शासन को 30 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। संघ ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि तय समय-सीमा के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो प्रदेशभर के सभी सफाई कर्मचारी काम ठप कर 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से नाममात्र के मानदेय पर स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं, जिससे इस कमरतोड़ महंगाई के दौर में परिवार का भरण-पोषण करना अत्यंत कठिन हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए संघ ने अंशकालीन पद को पूर्णकालिक में बदलने और कलेक्टर दर पर उचित वेतनमान देने की मांग उठाई है। आंदोलन की आगामी रूपरेखा और रणनीति तय करने के लिए सितंबर माह के पहले सप्ताह में राजधानी रायपुर में संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे के बड़े कदमों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
CTET 2026: फॉर्म भरने से चूके उम्मीदवारों को मिला 1 सितंबर तक का मौका



