रायपुर।
संत जोसेफ महागिरजाघर बैनर बाजार रायपुर द्वारा प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव क्रिसमस के पावन अवसर पर 21 दिसंबर रविवार को भव्य क्रिसमस रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली सुबह 10 बजे महागिरजाघर परिसर से प्रारंभ होगी।
गिरजाघर के प्रशासनिक कार्य एवं मीडिया (पीआरओ) प्रभारी गुरविंदर सिंह चडडा ने जानकारी देते हुए बताया कि पल्ली पुरोहित एवं पल्ली परिषद अध्यक्ष रेव्ह फादर जॉन जेवियर की अध्यक्षता में आयोजित पल्ली परिषद की बैठक में क्रिसमस एवं नववर्ष 2026 के आयोजनों को लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
क्रिसमस रैली प्रभु यीशु मसीह के जन्म की चरनी झांकी के रूप में निकाली जाएगी, जिसमें पारंपरिक गीत, मांदर ढोल और सांता क्लॉज के साथ मानव प्रेम, आपसी भाईचारा और विश्व शांति का संदेश दिया जाएगा। रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर पेंशन बाड़ा चौक, टैगोर चौक, मदर टेरेसा आश्रम चौक, संत कंवर चौक, नेताजी चौक, कबीर चौक, ओसीएम चौक, महिला थाना चौक होते हुए पुनः संत जोसेफ महागिरजाघर बैनर बाजार में संपन्न होगी। रैली के समापन पर सभी समुदायों के लोगों के लिए प्रीति भोज का आयोजन किया जाएगा।
इसके अलावा 24 दिसंबर की रात्रि पवित्र क्रिसमस मिस्सा बलिदान पूजा विधि, 25 दिसंबर को दिनभर प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव की विशाल चरनी दर्शन एवं 31 दिसंबर की रात्रि नववर्ष की पवित्र मिस्सा पूजा विधि का आयोजन भी किया जाएगा। इन सभी धार्मिक आयोजनों में मुख्य याजक के रूप में कैथोलिक ईसाई समुदाय के आर्चबिशप परम श्रद्धेय डॉ रेव्ह विक्टर हेगरी ठाकुर पवित्र पूजा विधि संपन्न कराएंगे।
पल्ली परिषद ने जानकारी दी कि 21 दिसंबर को आयोजित क्रिसमस शोभायात्रा के लिए शासन एवं प्रशासन से विधिवत अनुमति प्राप्त हो चुकी है। आयोजन समिति ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रभु यीशु मसीह से उनके उज्ज्वल भविष्य और परिवार की कुशलता की प्रार्थना की।
पल्ली परिषद के सदस्यों ने समाज के प्रत्येक परिवार से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में क्रिसमस रैली में शामिल होकर प्रभु यीशु मसीह द्वारा दिए गए मानव प्रेम, सेवा और शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनें।
बैठक में रेव्ह फादर जॉन जेवियर, फादर जोसेफ एंथोनी, सचिव सिल्वेस्टर एक्का, निकोलस सिंह, गुरविंदर सिंह चडडा, बसंत तिर्की, समीर कुजुर, जॉर्ज डेनियल, संजय मिंज, अजय लकड़ा, सुनील जोयल, बसीसल तिग्गा, प्रदीप तिर्की, विनोद खलखो, नूतन तिर्की, इंदु लकड़ा, प्रियंका केरकेट्टा, सुनिता राइट, विक्टोरिया मिंज, असुनता एक्का, सफीरा एक्का सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

