रायबरेली जिले के सुरजीपुर निहस्था गांव में शनिवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव निवासी भीमराज उर्फ भीकू (32) ने शुक्रवार रात अपनी पत्नी सोनी देवी (28) की बांके से गला काटकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह कमरे का दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर सभी सदमे में आ गए।
चुप्पी से बढ़ी शंका, दरवाजा तोड़ा तो दिखा खौफनाक दृश्य
परिजनों के अनुसार, भीमराज और उसकी पत्नी शुक्रवार शाम अपने ससुराल से लौटे थे। भोजन करने के बाद दोनों बाग स्थित कमरे में सोने चले गए। शनिवार सुबह करीब 6 बजे पिता रामनाथ ने दरवाजा खटखटाया, पर कोई जवाब नहीं मिला। दोबारा बुलाने पर भी चुप्पी बनी रही, जिसके बाद ग्रामीणों को बुलाया गया। लोग छत से जीने का दरवाजा तोड़कर कमरे में घुसे तो देखा कि सोनी देवी का शव खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा था, जबकि भीमराज का शव फंदे के सहारे छत की कुंडी से लटका हुआ था।
फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने की जांच
सूचना पर खीरों के कार्यवाहक थाना प्रभारी कृष्णचंद्र, सीओ लालगंज अमित सिंह और एएसपी संजीव कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की गहन पड़ताल की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बांका बरामद कर लिया है। एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद की बात सामने आई है, जिसके चलते भीमराज ने यह कदम उठाया।
**परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इकलौता बेटा था भीमराज**
परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता रामनाथ ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार चलाते हैं और कभी किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं थी। भीमराज उनका इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार भीमराज स्वभाव से बेहद गुस्सैल था और छोटी-छोटी बात पर नाराज हो जाता था।
वारदात पहले से प्लान होने की आशंका
घटना को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि हत्या और आत्महत्या पूरी तरह सुनियोजित थी। भीमराज ने अपनी साली की 25 नवंबर को होने वाली शादी के बहाने पत्नी और तीनों बच्चों—शिवम (9), शुभि (7) और शिवांश (4)—को ससुराल पहुंचाया था। वारदात वाली रात वह तीनों बच्चों को वही छोड़कर केवल पत्नी के साथ घर लौटा था। ग्रामीणों का कहना है कि वह बच्चों से बहुत प्यार करता था, जबकि पत्नी से अक्सर विवाद रहता था। कुछ लोग रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद होने की भी बात कर रहे हैं।
गांव में इस सनसनीखेज घटना से दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

