जशपुर।
थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गांव के एक व्यक्ति की लाश उसके ही घर में रखे बड़े लाल रंग के सूटकेस में मिली है। पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए मृतक की पत्नी को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक संतोष भगत (43 वर्ष) अपनी पत्नी आरोपिया के साथ ग्राम भिंजपुर में रहता था। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि 7 नवम्बर की रात पति-पत्नी के बीच फिर झगड़ा हुआ। इसी दौरान आरोपिया ने अपनी बेटी को फोन किया, जिस पर बेटी ने झगड़े की आवाजें सुनीं। अगले दिन 8 नवम्बर को उसी बेटी को मां आरोपिया ने फोन पर बताया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है और शव को सूटकेस में बंद कर दिया है।
घबराई बेटी 9 नवम्बर को अपने पति के साथ गांव पहुंची और बड़े पिताजी विनोद मिंज को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दुलदुला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के भीतर गहरे लाल रंग का ट्रॉली सूटकेस मिला, जिसमें मृतक का शव कम्बल में लिपटा हुआ पाया गया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्यवाही पूरी की गई।
थाना दुलदुला पुलिस ने हत्या के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी पत्नी घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है और टीम को महाराष्ट्र भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि,
“हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपिया की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके बाद हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।”
जशपुर जिले में इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार दबिश दे रही है।

